कैंट थाना क्षेत्र में सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का आरोप, प्रेस क्लब में फूटा मोहल्लेवासियों का दर्द, 50 से अधिक परिवारों ने प्रशासन से मांगी मदद
कैंट थाना क्षेत्र में सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का आरोप, प्रेस क्लब में फूटा मोहल्लेवासियों का दर्द, 50 से अधिक परिवारों ने प्रशासन से मांगी मदद
अमिट रेखा/ संतराज यादव /सहजनवा/ गोरखपुर
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदीप चौधरी ने बताया कि महादेव झारखंडी, टुकड़ा नंबर-1 स्थित गाटा संख्या 364 एवं 366 में उनका पुश्तैनी मकान और सहन स्थित है। इस रास्ते का उपयोग वर्षों से स्थानीय लोग करते आ रहे हैं और इसी रास्ते से होकर आगे लगभग 50 से अधिक परिवार निवास करते हैं। पूर्व में इस रास्ते की चौड़ाई करीब 15 फीट थी, जिससे चार पहिया वाहनों सहित सामान्य आवागमन सुचारू रूप से होता रहा है।
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में कुंवर गौरव सिंह उर्फ प्रिंस सिंह द्वारा जेसीबी मशीन मंगवाकर पहले से छोड़ी गई बाउंड्री को तोड़ दिया गया और रास्ते को संकुचित कर दिया गया। इसके बाद धीरे-धीरे रास्ता पूरी तरह बंद करने का प्रयास किया गया। जब मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया तो पहले 8 फीट और फिर केवल 5 फीट रास्ता देने की बात कही गई, जो किसी भी दृष्टि से पर्याप्त नहीं है।
प्रदीप चौधरी ने कहा कि 5 फीट या 8 फीट का रास्ता होने से न तो चार पहिया वाहन निकल सकते हैं और न ही आपात स्थिति में एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाएं पहुंच पाएंगी। इससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना या जनहानि की आशंका बनी रहेगी। उन्होंने इसे सुनियोजित तरीके से सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा करने की कोशिश बताया।
प्रेस वार्ता में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौजूद रहे, उन्होंने एक स्वर में कहा कि यह रास्ता केवल एक-दो घरों का नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले और आगे बसे दर्जनों परिवारों की जीवन रेखा है। रास्ता बंद होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ितों ने शासन और जिला प्रशासन से मांग की कि कथित भू-माफिया द्वारा किए गए अवैध कब्जे की निष्पक्ष जांच कराई जाए, वर्षों पुराने 15 फीट चौड़े रास्ते को मुक्त कर यथावत बहाल किया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।