कप स्टेट सीनियर हैंडबॉल व खो-खो प्रतियोगिता 25 से

Dec 23, 2025 - 12:37
 0
कप स्टेट सीनियर हैंडबॉल व खो-खो प्रतियोगिता 25 से

कप स्टेट सीनियर हैंडबॉल व खो-खो प्रतियोगिता 25 से

अमिट रेखा/ विनीत कुमार 

गोरखपुर।बाबा गोरखनाथ की नगरी गोरखपुर एक बार फिर प्रदेश स्तरीय खेल गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म जयंती शताब्दी वर्ष के अवसर पर सीएम कप उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर पुरुष हैंडबॉल एवं खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 25 से 27 दिसंबर  तक सहजनवां स्थित ग्रामीण स्टेडियम में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा साझा की गई।
यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन तथा खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में लीग कम नॉकआउट प्रणाली पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता की विस्तृत योजना उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय एवं उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के महासचिव पंकज पाण्डेय द्वारा तैयार की गई है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए अमित पाण्डेय ने बताया कि हैंडबॉल प्रतियोगिता स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित की जाएगी, जबकि खो-खो के मुकाबले खेल मैदान पर खेले जाएंगे। हैंडबॉल स्पर्धा में प्रदेश के 18 मंडलों के साथ-साथ यूपी पुलिस, एसएसबी, अमेठी हॉस्टल, साई सैफई एवं एनई रेलवे सहित कुल 23 टीमें भाग लेंगी। वहीं खो-खो प्रतियोगिता में 16 मंडलों के साथ यूपी पुलिस और एसएसबी की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के महासचिव पंकज पाण्डेय ने कहा कि परिषद का उद्देश्य प्रदेश के हर मंडल से उभरती खेल प्रतिभाओं को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित होगी।
पत्रकार वार्ता में खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश सचिव रविकांत, गोरखपुर खेल परिषद के जिला सचिव प्रवीण पाण्डेय, शुभम राय (विकास अधिकारी, उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद) एवं अरविंद यादव (सचिव, गोरखपुर हैंडबॉल संघ) भी उपस्थित रहे।
इस आयोजन को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  की स्वीकृति एवं आशीर्वाद प्राप्त है तथा उन्होंने अपनी उपस्थिति की भी सहमति दी है। प्रतियोगिता के आयोजन में सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ल की प्रमुख भूमिका रहेगी, जबकि उद्घाटन विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह के कर कमलों से किया जाएगा।