सीडीओ ने की चार महत्वपूर्ण समितियों की समीक्षा, वृक्षारोपण महाभियान-2025 में जिओटैगिंग शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज "जिला वृक्षारोपण समिति", "जिला पर्यावरण समिति", "जिला गंगा समिति" एवं "जिला आर्द्रभूमि समिति" की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में चारों समितियों से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वृक्षारोपण महाभियान-2025 के अंतर्गत जनपद में 09 जुलाई 2025 को एक ही दिन कुल 39,72,500 पौधों का रोपण किया गया था, जिसमें वन विभाग द्वारा 10,49,600 पौधे तथा अन्य 23 विभागों द्वारा 29,22,900 पौधे रोपे गए थे। इन पौधों की देख-रेख, सुरक्षा, जीवितता एवं रोपित पौधों के जिओटैगिंग की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा में पाया गया कि गृह, राजस्व, ऊर्जा एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा जिओटैगिंग कार्य अभी पूर्ण नहीं किया गया है। इस पर असंतोष व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को सात दिवस के भीतर शत-प्रतिशत जिओटैगिंग पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण महाभियान की वास्तविक प्रगति का आकलन तभी संभव है जब सभी विभाग समयबद्ध रूप से जिओटैगिंग कार्य पूरा करें।
इसके साथ ही बैठक में जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला आर्द्रभूमि समिति से जुड़े प्रमुख मुद्दों की भी समीक्षा की गई। इसमें गंगा ग्राम सेवा समिति का गठन, वेटलैण्ड चिन्हांकन, ग्रीन चौपाल संचालन, जैव विविधता समिति का गठन तथा जैव विविधता रजिस्टर तैयार करने से संबंधित प्रगति की विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि पर्यावरण संरक्षण, गंगा संरक्षण तथा आर्द्रभूमि प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जनपद में पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सके।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट अनिल कुमार यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य गण उपस्थित रहे।