राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित प्रतिभावान हुए सम्मानित
राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित प्रतिभावान हुए सम्मानित
अमिट रेखा /बघौचघाट/देवरिया
विकास खंड पथरदेवा क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय बंजरिया बाजार में शनिवार को राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित सफल विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सात प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
बताया गया कि इस परीक्षा में देवरिया जनपद के लगभग 5000 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था, जिसमें उच्च माध्यमिक विद्यालय बंजरिया बाजार के सात विद्यार्थी चयनित हुए। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई जारी रखने के लिए भारत सरकार की ओर से प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। जो चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा के लिए मिलेगी।
विद्यालय के सफल विद्यार्थियों में मुकुल गुप्ता ने जिले में छठा स्थान, सिद्धि गुप्ता ने सातवां, आकाश गुप्ता ने 14वां, मनीष गुप्ता ने 27वां, सोनाली ने 38वां, विकास गुप्ता ने 39वां तथा राधिका ने 43वां स्थान प्राप्त किया है।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह ने कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए सफलता के द्वार हमेशा खुले रहते हैं। उन्होंने छात्रों को आगे भी इसी तरह परिश्रम कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी सफलताएं अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने सभी सफल विद्यार्थियों को मेडल, कॉपी और कलम देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में इस मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य शिव कुमारी,गोविंद पांडेय,केशव प्रताप शाही, रमेश प्रसाद, सुनील त्रिपाठी,प्रेमचंद मद्धेशिया, धीरज उपाध्याय,संजय कुशवाहा,हरेराम यादव, तारीफ अंसारी, जसपाल सिंह,जनार्दन चौरसिया,अजीत प्रजापति समेत अभिभावक मौजूद रहे।