भारत बजट–2026: किसान, युवा, नारीशक्ति और गरीबों के सपनों को नई उड़ान
अमिट रेखा/ विनीत कुमार
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत बजट–2026 को किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए समर्पित बताते हुए भाजपा नेताओं ने इसे ऐतिहासिक और लोककल्याणकारी करार दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में पेश किए गए इस 15वें केंद्रीय बजट का रानीडीहा स्थित भाजपा कार्यालय में लाइव प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय उपस्थित रहे।
बजट प्रस्तुति के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय ने कहा कि संसद में पेश किया गया विकसित भारत बजट–2026 गरीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति के उत्थान के लिए समर्पित है। यह बजट भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का मजबूत आधार तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में समावेशी विकास की स्पष्ट झलक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी है, जिसमें किसानों, महिलाओं, आम जनमानस और युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि बजट में 1 करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप व पहली नौकरी पर ₹15,000 की सहायता, 3 करोड़ नए घरों का निर्माण, होम लोन के ब्याज में राहत, कैंसर सहित गंभीर रोगों की दवाओं के सस्ते होने, देश में 3 नए एम्स की स्थापना तथा सभी जिलों में महिला हॉस्टल खोलने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। यह बजट सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करता है।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने कहा कि विकसित भारत बजट–2026 किसानों के लिए समर्पित है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। यह बजट कृषि क्षेत्र को नई दिशा देगा और किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां किसान-केंद्रित हैं और खेती को लाभ का धंधा बनाने की दिशा में यह बजट निर्णायक साबित होगा।
केंद्रीय बजट के बाद कई जनप्रतिनिधियों और पार्टी नेताओं ने इसे ऐतिहासिक बताते हुए जनकल्याण का बजट करार दिया। बजट की सराहना करने वालों में विधायक तमकुहीराज डॉ. असीम कुमार राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ल, जगदीश चौरसिया, संजय सिंह, सबल सिंह पालीवाल, शत्रुघ्न कसौधन, डॉ. सदानन्द शर्मा, डॉ. आरडी सिंह, डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, राजराम कन्नौजिया, स्वतंत्र सिंह, के. एम. मझवार, नीरज दुबे, चंचला शुक्ला, बीना उपाध्याय, हरिकेष पासवान, विनय कुमार सिंह, शहंशाह आलम, मंजू सिंह, धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, कृष्णपाल सिंह, राहुल जायसवाल, शुभम सिंह, सुधाकर यादव, रेनू पाण्डेय, आलोक पटवा, नारायण दत्त ओझा, अनिल कुमार, अखिलेश सिंह सहित अनेक नेता शामिल रहे।
नेताओं ने एक स्वर में कहा कि विकसित भारत बजट–2026 देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने वाला बजट |