नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पावन जयंती को पूरे श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाया गया
अमिट रेखा /कुशीनगर
पडरौना नगर में आज भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी, आज़ाद हिंद फौज के संस्थापक एवं राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पावन जयंती को पूरे श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर नगर के प्रमुख स्थल सुभाष चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर नगर पालिका अध्यक्ष आदरणीय विनय जायसवाल जी की अध्यक्षता एवं गरिमामयी उपस्थिति में नगर के सम्मानित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं तथा गणमान्य नागरिकों द्वारा माल्यार्पण कर नेताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
माल्यार्पण कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल जी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का व्यक्तित्व और कृतित्व भारत के स्वतंत्रता संग्राम का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण से स्वतंत्रता आंदोलन को एक नई दिशा दी। उनका प्रसिद्ध नारा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” आज भी देशवासियों के भीतर राष्ट्रप्रेम की ज्वाला प्रज्वलित करता है।
उन्होंने आगे कहा कि नेताजी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनके विचार और आदर्श आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। हम सभी का कर्तव्य है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके सपनों के सशक्त, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल अशोक गुप्ता मनोज मोदनवाल रामु पाण्डेय सनी मिश्रा धर्मेंद्र मद्धेशिया अरुण सिंह विनय मद्धेशिया अजय शर्मा अनिल पाण्डेय घनश्याम यादव विक्रम प्रसाद महेंद्र चौधरी मंथन सिंह मन्नू मद्धेशिया सहित अन्य उपस्थित रहे।