धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव  

Feb 2, 2026 - 22:24
 0
धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव  

धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव  

अमिट रेखा/राजधारी प्रसाद 

भटहट/गोरखपुर। खुशहाल प्रसाद स्मारक कन्या इंटर कॉलेज (खुशहाल प्रसाद बालिका विद्यालय) में 13वां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के ग्रामीण विकास केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यालय की मेधावी छात्राओं को प्रतिभा सम्मान तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को खेल सम्मान देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य संस्थापक राम आसारे निषाद ने अपने आशीर्वाद वचनों के माध्यम से छात्राओं और उनके अभिभावकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है और बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि बालिका शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं और ऐसे शिक्षण संस्थान समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, गीत, नाटक और रंगारंग प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को दर्शाया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सह निदेशक हरिकेश साहनी, प्रधानाचार्य अजय कनौजिया, खेल शिक्षक क्रांति सिंह, उप प्रधानाचार्य संध्या यादव, प्राइमरी की प्रधान अध्यापिका सीमा गौतम सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। इसके साथ ही क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक और विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।
विद्यालय प्रशासन द्वारा उपस्थित गणमान्य अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ वार्षिक उत्सव का विधिवत समापन हुआ। कुल मिलाकर यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति और सम्मान का एक यादगार उत्सव बन गया।