कुशीनगर डीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर नहीं लगे सीसीटीवी:कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ी और हेलमेट चोरी होने की आ रही घटनाएं

Jan 4, 2026 - 17:09
 0
कुशीनगर डीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर नहीं लगे सीसीटीवी:कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ी और हेलमेट चोरी होने की आ रही घटनाएं

कुशीनगर डीएम कार्यालय के मुख्य गेट पर नहीं लगे सीसीटीवी:कलेक्ट्रेट में खड़ी गाड़ी और हेलमेट चोरी होने की आ रही घटनाएं

अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी/ कुशीनगर 

कुशीनगर पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। लेकिन कुशीनगर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय का मुख्य गेट और आसपास का क्षेत्र अब भी सीसीटीवी निगरानी से बाहर है। इससे दूर-दराज से आने वाले फरियादियों, पीड़ितों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर खड़ी गाड़ियों, हेलमेट और वाहनों में रखे सामान की चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पीड़ित लोग शिकायत दर्ज कराते हैं या ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड से मदद मांगते हैं, लेकिन सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण चोरों की पहचान नहीं हो पाती, जिससे कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाती। स्थिति यह है कि कलेक्ट्रेट परिसर चोरों के लिए सेफ जोन बनता जा रहा है।बाइक चोरी का मामला दर्ज
15 दिसंबर को कसया थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार सिंह ने मोटरसाइकिल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि उनके चाचा संजय कुमार सिंह अपनी मोटरसाइकिल (UP 57 BR 2223) डीएम कार्यालय सिटी के दक्षिण दिशा में खड़ी कर अभिलेखों की नकल लेने गए थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल कलेक्ट्रेट परिसर से चोरी हो गई।
कर्मचारी भी परेशान, लेकिन बोलने से डर
नाम न छापने की शर्त पर कई कर्मचारियों ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में वाहन, हेलमेट और अन्य सामान चोरी होना आम बात हो गई है। उनका कहना है कि आवाज उठाने पर कार्रवाई या प्रताड़ना का डर रहता है, इसलिए वे चुप रहते हैं। कर्मचारियों का मानना है कि यदि मुख्य गेट और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तो चोरों में डर पैदा होगा और घटनाओं पर अंकुश लगेगा।पिछड़ा महासभा के जिलाध्यक्ष डीके कुशवाहा ने इस स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले कलेक्ट्रेट गेट पर एक होमगार्ड को घायल भी किया गया था, बावजूद इसके चोरियां जारी हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता और कर्मचारी दोनों परेशान हैं। कुशवाहा ने चेतावनी दी कि यदि 15 तारीख तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए, तो वे ज्ञापन सौंपकर आगे की रणनीति तय करेंगेइस संबंध में कलेक्ट्रेट के नाजिर से जब बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि कार्यालय परिसर की ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन मुख्य गेट पर कैमरे नहीं हैं। कारण पूछने पर उन्होंने फोन काट दिया और कॉल उठाना बंद कर दिया।
अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया चल रही है। कल से ही कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।