प्रधानाचार्य परिषद का प्रतिनिधिमंडल ने ऑडिट आपत्तियों से लेकर निलंबन प्रकरण तक उठायी  मांगें

Jan 30, 2026 - 19:27
 0
प्रधानाचार्य परिषद का प्रतिनिधिमंडल ने ऑडिट आपत्तियों से लेकर निलंबन प्रकरण तक उठायी  मांगें

प्रधानाचार्य परिषद का प्रतिनिधिमंडल ने ऑडिट आपत्तियों से लेकर निलंबन प्रकरण तक उठायी  मांगें

अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद 

भटहट/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद, जनपद गोरखपुर का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) गोरखपुर डॉ. अमरकांत सिंह से मिला। इस दौरान जनपद के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से जुड़ी कई ज्वलंत एवं तात्कालिक समस्याओं पर विस्तार से वार्ता की गई। प्रतिनिधि मंडल ने समस्याओं के निराकरण को लेकर डीआईओएस को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
वार्ता के दौरान परिषद द्वारा सबसे प्रमुख रूप से वर्षों से लंबित ऑडिट आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई। परिषद के पदाधिकारियों का कहना था कि ऑडिट आपत्तियों के लंबित रहने से विद्यालयों के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे प्रधानाचार्यों को अनावश्यक मानसिक एवं कार्यालयीय दबाव का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही श्री रामरेखा सिंह इंटर कॉलेज, उरुवा के प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार मिश्रा के निलंबन के अनानुमोदन का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधि मंडल ने इस प्रकरण पर शीघ्र एवं न्यायोचित निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि बिना समयबद्ध निस्तारण के ऐसे मामलों से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है।
प्रधानाचार्य परिषद ने आयकर कटौती की व्यवस्था को विद्यालय स्तर के बजाय जनपद स्तर से कराए जाने की मांग भी रखी। परिषद का तर्क था कि इससे विद्यालयों पर प्रशासनिक बोझ कम होगा और कर संबंधी कार्यों में पारदर्शिता एवं एकरूपता सुनिश्चित की जा सकेगी।
इसके अतिरिक्त माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्यों से प्रधानाचार्यों को मुक्त रखने की मांग भी प्रमुख रही। परिषद ने कहा कि प्रधानाचार्य विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संचालन में पहले से ही अत्यधिक व्यस्त रहते हैं, ऐसे में मूल्यांकन कार्य सौंपे जाने से विद्यालयीय व्यवस्था प्रभावित होती है।
डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह ने प्रतिनिधि मंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान हेतु यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
प्रतिनिधि मंडल में प्रांतीय संयोजक डॉ. दिनेश मणि त्रिपाठी, उपाध्यक्ष दीनदयाल, जिला संरक्षक ओमप्रकाश सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार पांडे, जिला संरक्षण मंत्री माधव शरण चौरसिया, जिला कोषाध्यक्ष हरे राम मिश्र, जिला संयुक्त मंत्री डॉ. सुनील तिवारी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।