अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 17 वाहन पकड़े, साढ़े पांच लाख राजस्व वसूला
अवैध खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 17 वाहन पकड़े, साढ़े पांच लाख राजस्व वसूला
अमिट रेखा/ विनीत कुमार
गोरखपुर। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर नकेल कसते हुए खनन विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने 7 दिसंबर 2025 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाकर कुल 17 वाहनों को कार्रवाई के दायरे में लिया। इनमें अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहन शामिल रहे।
जानकारी के अनुसार, टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त 7 वाहनों को पकड़कर संबंधित थानों में जमा कराया। इनमें 2 वाहन थाना रामगढ़ताल, 3 वाहन थाना बेलीपार और 2 वाहन थाना चौरी-चौरा में बंद कराए गए। अधिकारियों ने बताया कि इन वाहनों पर प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान खनन विभाग की टीम ने जिले में भ्रमण करते हुए ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन में शामिल 10 अन्य वाहनों को मौके पर ही रोका। इन वाहनों पर चालान की कार्यवाही करते हुए ऑनलाइन माध्यम से तत्काल जुर्माना जमा कराया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश टीम को पहले से ही दिए गए थे।
अभियान के दौरान कुल 17 वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई से लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। खनन विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण किया जा सके।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों पर बिना किसी दबाव और भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाए। डीएम ने यह भी कहा कि प्रवर्तन टीमों को निरंतर फील्ड में सक्रिय रखा जाएगा ताकि खनन माफिया और ओवरलोडिंग गिरोहों पर अंकुश लगाया जा सके।
खनन विभाग द्वारा की गई यह कार्रवाई न केवल अवैध खनन पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे राजस्व वृद्धि में भी सहायक सिद्ध होगी। प्रशासन का दावा है कि ऐसे अभियान आगे भी और सख्ती के साथ चलाए जाएंगे।