श्रद्धा‌ के  साथ मनाई गई अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती

Dec 28, 2025 - 20:51
 0
श्रद्धा‌ के  साथ मनाई गई अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती

श्रद्धा‌ के  साथ मनाई गई अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती

अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद 


गोरखपुर/भटहट।भटहट स्थित पटेल स्मारक इंटर कॉलेज में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात कवि अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती श्रद्धा, गरिमा और प्रेरणादायी वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पांडेय द्वारा अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. पांडेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक युगपुरुष थे। उन्होंने भारतीय राजनीति को शुचिता, संवाद और सहमति की नई दिशा दी। उनका जीवन सत्यनिष्ठा, राष्ट्रभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है।
डॉ. पांडेय ने कहा कि अटल जी की सुशासन की परिकल्पना आज भी उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उनके कार्यकाल में थी। युवाओं को उनके विचारों, जीवन मूल्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अटल जी के व्यक्तित्व से सीख लेकर अपने जीवन में अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवा भाव को अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा अटल बिहारी वाजपेई की प्रसिद्ध कविताओं का पाठ किया गया। कविताओं के माध्यम से अटल जी के संवेदनशील कवि-हृदय और मानवीय दृष्टिकोण को याद किया गया, जिससे पूरा सभागार भावविभोर हो उठा। कविता पाठ ने विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को भी प्रबल किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संपूर्ण वातावरण अटल जी के आदर्शों, विचारों और स्मृतियों से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम ने न केवल अटल बिहारी वाजपेई के व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि दी, बल्कि नई पीढ़ी को उनके विचारों को आत्मसात करने का संदेश भी दिया।