बुजुर्गों के सम्मान की नई पहल: देवरिया में मानव दीप सेवा ट्रस्ट की शुरुआत

Feb 7, 2026 - 17:48
 0
बुजुर्गों के सम्मान की नई पहल: देवरिया में मानव दीप सेवा ट्रस्ट की शुरुआत

बुजुर्गों के सम्मान की नई पहल: देवरिया में मानव दीप सेवा ट्रस्ट की शुरुआत

अंजनी द्विवेदी की पुस्तक ‘वृद्धा आश्रम’ लॉन्च

अमिट रेखा/अंकित वर्मा/ देवरिया

समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए 7 फरवरी 2026 को बैतालपुर रोड स्थित स्थानीय वृद्धाश्रम परिसर में “मानव दीप सेवा ट्रस्ट” की विधिवत स्थापना की गई। इस अवसर पर ट्रस्ट की संस्थापक एवं लेखिका अंजनी द्विवेदी (काव्या) की प्रेरणादायक पुस्तक “वृद्धा आश्रम” का भव्य विमोचन सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के कर-कमलों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, साहित्यकार, महिलाएं एवं बुद्धिजीवी वर्ग की उपस्थिति रही। अपने संबोधन में अंजनी द्विवेदी ने कहा कि मानव दीप सेवा ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के उपेक्षित बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और अपनत्व प्रदान करना है, ताकि वे जीवन के संध्या काल में स्वयं को अकेला और असहाय न समझें। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की जीवित धरोहर हैं, जिनके अनुभव और संस्कार नई पीढ़ी के लिए अमूल्य हैं।

विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने ट्रस्ट की स्थापना और पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के भौतिकवादी युग में पारिवारिक मूल्यों का क्षरण हो रहा है, ऐसे में इस प्रकार की पहल समाज को सही दिशा देने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा केवल कर्तव्य नहीं बल्कि संस्कार है।

कार्यक्रम के दौरान वृद्ध माताओं को शाल वितरित कर सम्मानित किया गया, जिससे वातावरण भावुक और संवेदनशील हो गया। पुस्तक “वृद्धा आश्रम” के माध्यम से लेखिका ने यह सशक्त संदेश दिया कि माता-पिता का वास्तविक स्थान वृद्धाश्रम नहीं बल्कि बच्चों का घर और उनका हृदय होना चाहिए। बदलती जीवनशैली के कारण परिवारों में बढ़ रही दूरी पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने बुजुर्गों को समय, प्रेम और सम्मान अवश्य दें।

इस अवसर पर राजीव मिश्रा, प्रेम केडिया, अनिता जी, सीमा जायसवाल, अन्नपूर्णा पांडेय, बालेन्दु मिश्रा, जया मिश्रा, राजेश मिश्रा, मीनू जायसवाल, नीतू जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मानव दीप सेवा ट्रस्ट को समाज के लिए एक नई आशा की किरण बताते हुए इसके माध्यम से बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की कामना की।