July 27, 2024

अयोध्या में कुशीनगर के शेफ संजीव के हाथों बना भोजन करेंगे राष्ट्रपति

Spread the love

अमिट रेखा
राज पाठक
सपहा/कुशीनगर

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पाक कला का जलवा बिखेर चुके कुशीनगर पथिक निवास के शेफ संजीव बंदोपाध्‍याय के हाथ बना लजीज पकवान प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति को भी भाने लगा है। तभी तो यूपी में इन अति विशिष्ट लोगों का कार्यक्रम लगने पर उनके लिए खानपान की व्यवस्था संभालने वाली टीम में उन्हें जरूर शामिल किया जाता है। आगामी 29 अगस्त को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रामलला का दर्शन करने अयोध्या आ रहे हैं। उनके लिए पकवान बनाने वाली टीम में शेफ संजीव का भी चयन हुआ है। वह शुक्रवार को अयोध्या रवाना हो गए।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाक कला का जलवा बिखेर चुके हैं संजीव बंदोपाध्याय

बंदोपाध्याय (बैंकाक) थाईलैंड में सितंबर 2016 और अहमदाबाद (गुजरात) मार्च 2019 में स्टैचू आफ यूनिटी के लिए आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल में उत्तर प्रदेश पर्यटन के होटल पथिक निवास का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत भी किया गया है। संजीव के अनुभवों और उपलब्धि को देखते हुए ही उत्तर प्रदेश पर्यटन ने अयोध्या में राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए चयन किया है। वह इंडियन, कांटिनेंटल, चाइनीज, साउथ इंडियन डिश बनाने के माहिर हैं। मई 2007 में जब पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम कुशीनगर आए थे तब आगरा के निगम के फतेहपुर सीकरी स्थित होटल में कार्यरत संजीव को भोजन बनाने के लिए कुशीनगर विशेष रूप से आमंत्रित गया था।

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लि. के प्रबंध निदेशक शिवपाल सिंह ने पथिक निवास के प्रबंधक राजेश मणि त्रिपाठी से संजीव के अनुभवों को देखते हुए अयोध्या में राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए उनकी मांग की है। राष्ट्रपति के सत्कार टीम में शामिल होने की जानकारी मिलने पर संजीव ने प्रसन्नता प्रकट की। कहा कि यह मेरे लिए गौरव की बात है। कुशीनगर के होटल व्यवसायियों ने संजीव के चयनित होने पर बधाई दी है।

माली अशोक सजायेंगे राष्ट्रपति का गार्डेन

अयोध्या में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के कार्यक्रम स्थल के गार्डेन को सजाने-सवारने वाले मालियों की टीम में होटल पथिक निवास कुशीनगर के अनुभवी माली अशोक कुमार का भी चयन हुआ है। अनुभवी कुमार गार्डेन संबंधी कार्य करने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। प्रबंधक राजेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें भी निगम के प्रबंध निदेशक शिवपाल सिंह की मांग पर अयोध्या भेजा गया है। माली ने राष्ट्रपति के अयोध्या कार्यक्रम के लिए चयनित होने पर खुशी जाहिर किया है।