लोक आस्था के महापर्व छठ पर सजे बाजार — महंगाई के बावजूद श्रद्धा पर भारी पड़ी आस्था
अमिट रेखा/जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर। लोक आस्था का महापर्व छठ अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूर्वी भारत में एक बड़े धार्मिक-सांस्कृतिक पर्व के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। सूर्योपासना और कठोर नियमों वाला यह पर्व कल से ‘नहाय खाय’ के साथ आरंभ हो जाएगा। पर्व की तैयारियों को लेकर गोरखपुर के बाजारों में जबरदस्त रौनक है। गरीब हो या अमीर, सभी लोग अपने-अपने सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी में जुटे हैं।
शहर के महेवा थोक मंडी, रेलवे बाजार, अलीनगर, रघुवर नगर, गोलघर और अन्य बाजारों में छठ पूजा की पूजन सामग्री और फलों की बिक्री चरम पर है। दुकानों पर नारियल, नींबू, सूप-दौरा, केला, गन्ना और दीपक जैसी वस्तुएं श्रद्धालुओं की पसंद बनी हुई हैं।
थोक व्यापारियों के अनुसार, छठ पर्व को देखते हुए हर तरह के फल और पूजन सामग्री की आवक बढ़ा दी गई है। आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु से नारियल की आवक सबसे अधिक है। महेवा मंडी में प्रतिदिन 25 ट्रक नारियल पहुंच रहे हैं। थोक में यह ₹1800 प्रति सौ पीस के हिसाब से बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में ₹45 प्रति पीस मिल रहा है।
सेब की आवक कश्मीर से हो रही है। मंडी में रोजाना 20 से 25 ट्रक सेब पहुंच रहे हैं। थोक में इसका भाव ₹25 से ₹40 प्रति किलो, जबकि फुटकर में ₹60 से ₹80 प्रति किलो तक है। इसी प्रकार अनार की आवक पुणे और गुजरात से हो रही है। थोक में अनार ₹50 से ₹90 प्रति किलो बिक रहा है। इन दिनों मंडी में प्रतिदिन चार से पांच ट्रक अनार की आवक दर्ज की जा रही है।
छठ में उपयोग होने वाले संतरे की मांग भी काफी बढ़ी है। व्यापारी नागपुर से प्रतिदिन 200 टन संतरा मंगा रहे हैं। थोक बाजार में इसकी कीमत ₹40 से ₹50 प्रति किलो है। इसके अलावा गागल नींबू की आवक भी पर्याप्त मात्रा में है, जो फुटकर में ₹40 से ₹50 प्रति जोड़ा बिक रहा है।
मंडी में इस समय अंगूर, अमरूद और शरीफा की भी अच्छी बिक्री हो रही है। अंगूर नासिक और बेंगलुरु से आ रहा है और इसका भाव ₹120 से ₹140 प्रति किलो है। वहीं अमरूद पुणे से आ रहा है, जिसकी थोक दर ₹80 से ₹100 प्रति किलो है। शरीफा ₹600 प्रति सैकड़ा बिक रहा है।
फुटकर बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। दुकानों पर पूजन सामग्री के साथ-साथ फलों की खरीदारी जोरों पर है। श्रद्धालु सूखा नारियल ₹80 जोड़ा, पानी नारियल ₹90 जोड़ा, और नींबू ₹90 से ₹110 जोड़ा के भाव से खरीद रहे हैं।
थोक कारोबारी बताते हैं कि इस बार फलों के दामों में थोड़ी बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था इतनी प्रबल है कि बिक्री पर कोई असर नहीं पड़ा। लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ खरीदारी कर रहे हैं।
बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने भी सफाई, ट्रैफिक और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं।
एनडीए की ऐतिहासिक जीत जनता के विश्वास की विजय— पंकज चौधरी अमिट रेखा/ जितेंद्र तिवारी…
साधन सहकारी समिति परतावल फिर हुई शुरू, किसानों को मिली बड़ी राहत अमिट रेखा /जितेंद्र…
बिहार में NDA सरकार की प्रचंड जीत पर सिसवा मे भाजपा नेताओं द्वारा पटाखा फोड़…
फूड-ओ-फेस्ट में चमकी बच्चों की प्रतिभा — सेंट जोसफ स्कूल में बाल दिवस हुआ यादगार…
एडी हेल्थ ने सीएम आरोग्य मेला का किया निरीक्षण अमित रेखा /संत राज यादव/सहजनवा गोरखपुर।…
बिहार विधानसभा चुनाव में राघवेंद्र प्रताप सिंह की जीत की खुशी में काटे गए केक…